भारत की जलवायु
स्थलीय संरचना पर जलवायु का प्रभाव / From Wikipedia, the free encyclopedia
भारत की जलवायु में काफ़ी क्षेत्रीय विविधता पायी जाती है और जलवायवीय तत्वों के वितरण पर भारत की कर्क रेखा पर अवस्थिति और यहाँ के स्थलरूपों का स्पष्ट प्रभाव दृष्टिगोचर होता है। इसमें हिमालय पर्वत और इसके उत्तर में तिब्बत के पठार की स्थिति, थार का मरुस्थल और भारत की हिन्द महासागर के उत्तरी शीर्ष पर अवस्थिति महत्वपूर्ण हैं। हिमालय श्रेणियाँ और हिंदुकुश मिलकर भारत और पाकिस्तान के क्षेत्रों की उत्तर से आने वाली ठंडी कटाबैटिक पवनों से रक्षा करते हैं। यही कारण है कि इन क्षेत्रों में कर्क रेखा के उत्तर स्थित भागों तक उष्णकटिबंधीय जलवायु का विस्तार पाया जाता है। थार का मरुस्थल ग्रीष्म ऋतु में तप्त हो कर एक निम्न वायुदाब केन्द्र बनाता है जो दक्षिण पश्चिमी मानसूनी हवाओं को आकृष्ट करता है और जिससे पूरे भारत में वर्षा होती है।
इस लेख में सन्दर्भ या स्रोत नहीं दिया गया है। कृपया विश्वसनीय सन्दर्भ या स्रोत जोड़कर इस लेख में सुधार करें। स्रोतहीन सामग्री ज्ञानकोश के उपयुक्त नहीं है। इसे हटाया जा सकता है। (अप्रैल 2019) स्रोत खोजें: "भारत की जलवायु" – समाचार · अखबार पुरालेख · किताबें · विद्वान · जेस्टोर (JSTOR) |
कोपेन के वर्गीकरण का अनुसरण करने पर भारत में छह( मुख्य रूप से पांच) जलवायु प्रदेश परिलक्षित होते हैं। लेकिन यहाँ यह अवश्य ध्यान रखना चाहिये कि ये प्रदेश भी सामान्यीकरण ही हैं और छोटे और स्थानीय स्तर पर उच्चावच का प्रभाव काफ़ी भिन्न स्थानीय जलवायु की रचना कर सकता है।
भारतीय जलवायु में वर्ष में चार ऋतुएँ होती हैं: जाड़ा, गर्मी, बरसात और शरदकाल। तापमान के वितरण मे भी पर्याप्त विविधता देखने को मिलती है। समुद्र तटीय भागों में तापमान में वर्ष भर समानता रहती है लेकिन उत्तरी मैदानों और थार के मरुस्थल में तापमान की वार्षिक रेंज काफ़ी ज्यादा होती है। वर्षा पश्चिमी घाट के पश्चिमी तट पर और पूर्वोत्तर की पहाड़ियों में सर्वाधिक होती है। पूर्वोत्तर में ही मौसिनराम विश्व का सबसे अधिक वार्षिक वर्षा वाला स्थान है। पूरब से पश्चिम की ओर क्रमशः वर्षा की मात्रा घटती जाती है और थार के मरुस्थलीय भाग में काफ़ी कम वर्षा दर्ज की जाती है।
भारतीय पर्यावरण और यहाँ की मृदा, वनस्पति तथा मानवीय जीवन पर जलवायु का स्पष्ट प्रभाव है। हाल में वैश्विक तापन और तज्जनित जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की भी चर्चा महत्वपूर्ण हो चली है।[1][2][3]
मौसम और जलवायु किसी स्थान की दिन-प्रतिदिन की वायुमंडलीय दशा को मौसम कहते हैं और मौसम के ही दीर्घकालिक औसत को जलवायु कहा जाता है। दूसरे शब्दों में मौसम अल्पकालिक वायुमंडलीय दशा को दर्शाता है और जलवायु दीर्घकालिक वायुमंडलीय दशा को दर्शाता है। मौसम व जलवायु दोनों के तत्व समान ही होते हैं, जैसे-तापमान, वायुदाब, आर्द्रता आदि। मौसम में परिवर्तन अल्पसमय में ही हो जाता है और जलवायु में परिवर्तन एक लंबे समय के दौरान होता है।
वर्तमान में जलवायु परिवर्तन ने दक्षिण पश्चिम मानसून को काफी प्रभावित किया है । खासकर इससे मानसून की समयावधि ओर दिशा दशा पर गहरा असर देखने को मिला हैं। सामान्यतः मानसून के दिनों में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र (LP) विकसित होते हैं जो मानसून रेखा यानि निम्न दाब की रेखा के सहारे-सहारे उतर पश्चिम दिशा में दिल्ली हरियाणा तक पहुंच कर वर्षा करते हैं।यह सिस्टम जैसे जैसे समुद्र से दूरी बनाते हैं इनमें नमी की कमी होने लगती है और बारिश कम देते हैं यही कारण है की भारत के पूर्वी भागों की बजाए उतर पश्चिम भागों में कम वर्षा होती है। लेकिन कुछ वर्षों से इसमें बदलाव देखा गया है अब लगभग 80 फिसदी सिस्टम दिल्ली हरियाणा की तरफ जाने के बजाय मध्य प्रदेश होते हुए गुजरात राजस्थान की आगे बढ़ते हैं जहां से अरब सागर नजदीक होने से इन्हें नमी भी मिल जाती है और ये कमजोर नहीं पड़ते यही कारण है की अब राजस्थान जैसे हमेशा सुखाग्रस्त रहने वाले इलका़ में भी हर वर्ष बाढ़ की स्थिति बन जाती है और दुसरी तरफ भारत के मैदानी भागों में वर्षा के स्तर में गिरावट आई है एवं महासागरीय तापमान बढ़ने के कारण उष्णकटिबंधीय चक्रवातों में वृद्धि हुई है। सामान्यतः पहले बंगाल की खाड़ी में मानसून पूर्व ओर मानसून के बाद चक्रवात बनते थे लेकिन अब कुछ सालों में इसमें बदलाव हुआ है और अरब सागर में भी गहरे अवसाद भारी चक्रवात बनते दिखे हैं जो भारत के पश्चिमी तटों के लिए खतरा बनते नजर आ रहे हैं।